काँकेर। छत्तीसगढ़ के काँकेर जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। नेशनल हाईवे-30 पर स्थित नाथिया नवा गांव के पास रात करीब 11 बजे दो कारों के बीच हुई आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत में एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं, दो पुरुष और एक 5 वर्षीय मासूम बच्चा शामिल है।
हादसे का विवरण
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि एक परिवार अपनी कार से जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रही दूसरी तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त चीख-पुकार मच गई, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रशासनिक मुस्तैदी
घटना की सूचना मिलते ही काँकेर एसपी निखिल राखेचा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया /
एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों वाहनों की गति व अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद ही हादसे के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।