बिलासपुर: ईडब्ल्यूएस बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से गिरे प्रेमी जोड़े, युवक की मौत, युवती गंभीर

Spread the love
बिलासपुर: ईडब्ल्यूएस बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से गिरे प्रेमी जोड़े, युवक की मौत, युवती गंभीर

सिरगिट्टी क्षेत्र के अभिलाषा परिसर की घटना, प्रेम प्रसंग के चलते आत्मघाती कदम उठाने की आशंका

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अभिलाषा परिसर स्थित ईडब्ल्यूएस (EWS) बिल्डिंग में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक तीन मंजिला इमारत की छत से युवक और युवती संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गए। इस हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है। प्राथमिक जांच में प्रेम प्रसंग के चलते छत से कूदकर जान देने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना अभिलाषा परिसर की है। रात के सन्नाटे में जब बिल्डिंग के नीचे से युवती के कराहने और दर्द से चिल्लाने की आवाज आई, तब पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि लहूलुहान हालत में युवक और युवती जमीन पर पड़े थे। स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना सिरगिट्टी पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल सिम्स (CIMS) अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, युवती की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसका उपचार जारी है

पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। अंदेशा जताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर हुए विवाद या सामाजिक दबाव के कारण दोनों ने बिल्डिंग की छत से छलांग लगा दी। हालांकि, पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

सिरगिट्टी पुलिस ने बताया कि मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवती के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि उनका बयान दर्ज किया जा सके। घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *