
पांडातराई: शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पंडरिया से वापस लौट रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में कार सवार 04 युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बिरगांव (रायपुर) के रहने वाले थे सभी युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी युवक रायपुर के बिरगांव क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। ये सभी युवक पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान नगर पंचायत पांडातराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गड़ई स्थित हाफ नदी पुल के पास चालक ने कार से अपना नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे नीचे जा गिरी।
पुलिस और ग्रामीणों ने शुरू किया रेस्क्यू
रात के अंधेरे में हुए इस भीषण हादसे की सूचना जैसे ही मिली, स्थानीय ग्रामीण और पांडातराई पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कार में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और उन्हें तत्काल बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही बिरगांव स्थित मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में गहरी शोक की लहर है।