
बिर्रा क्षेत्र के करनौद गांव की घटना, 50 से अधिक यात्री थे सवार
बिर्रा/सरायपाली/ निजी यात्री बस रविवार को अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में करीब 15 यात्रियों को चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम करनौद के पास की है।
जानकारी के अनुसार, यात्री बस अपने निर्धारित रूट पर कोरबा से सरायपाली की ओर जा रही थी, तभी करनौद गांव के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे पलट गई। बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े।
हादसे की सूचना मिलते ही बिर्रा थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए बिर्रा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। राहत की बात यह है कि सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज जारी है।
पुलिस प्रशासन ने घटना स्थल का जायजा लिया है और हादसे के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।