
नारायणपुर/कांकेर। नारायणपुर जिले के मरकाबेडा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी (IED) ब्लास्ट में घायल एक और जवान ने दम तोड़ दिया है। घायल जवान परमानंद कोर्राम को इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उन्हें ‘ब्रॉड डेथ’ (मृत) घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के साथ ही इस हमले में शहीद होने वाले जवानों की कुल संख्या अब 4 हो गई है।
नक्सली डंप की तलाश में निकली थी टीम मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों की एक संयुक्त टीम नक्सलियों के संभावित डंप (छिपाया गया सामान) की तलाश में छोटे बेतिया इलाके से रवाना हुई थी। जैसे ही टीम कांकेर और नारायणपुर के सरहदी इलाके मरकाबेड़ा के पास पहुँची, नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए शक्तिशाली आईईडी की चपेट में आ गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि मौके पर ही जवानों को गंभीर चोटें आईं।
कांकेर का लाल हुआ शहीद शहीद जवान परमानंद कोर्राम मूल रूप से कांकेर जिले के निवासी थे। उनके शहीद होने की खबर मिलते ही जिले और उनके गृहग्राम में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और डॉक्टरों ने मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
सरहदी इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज मरकाबेड़ा का यह इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है, जो दो जिलों की सीमाओं को जोड़ता है। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और हमलावर नक्सलियों की घेराबंदी के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। प्रशासन ने शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को उनके गृहग्राम भेजने की तैयारी शुरू कर दी है