धन कुबेर निकला बस ड्राइवर, घर से मिला 15 किलो सोना और 29 करोड़ कैश, खजाना देख अधिकारियों के भी उड़ गए होश

Spread the love
धन कुबेर निकला बस ड्राइवर, घर से मिला 15 किलो सोना और 29 करोड़ कैश, खजाना देख अधिकारियों के भी उड़ गए होश

कोलकाता/बीरभूम।: पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार और अवैध संपत्ति के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच बीरभूम जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के मोहम्मद बाजार क्षेत्र में पुलिस की विशेष टीम ने एक व्यक्ति के घर पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकदी और सोना बरामद किया है। बरामदगी का आंकड़ा इतना बड़ा था कि पुलिस को नोट गिनने के लिए कई मशीनों का सहारा लेना पड़ा।

पुलिस के अनुसार, जिस मकान पर कार्रवाई की गई वह मीनार मंडल उर्फ टुलू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का है। बताया जा रहा है कि वह कुछ वर्ष पहले तक सरकारी बस चालक के रूप में कार्यरत था। नौकरी छोड़ने के बाद उसने कथित तौर पर अवैध रेत कारोबार में कदम रखा और देखते ही देखते करोड़ों की संपत्ति का मालिक बन गया।

29 करोड़ रुपये नकद बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर से करीब 29 करोड़ रुपये नकद बरामद किए। नकदी की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसकी गिनती के लिए पांच नोट गिनने वाली मशीनें लगानी पड़ीं। लगातार उपयोग के दौरान मशीनों के बंद पड़ने की भी जानकारी सामने आई।

15 किलो सोना भी मिला

नकदी के अलावा पुलिस ने घर से करीब 15 किलोग्राम सोना भी जब्त किया है। बरामद सोने में 100-100 ग्राम के बिस्किट और एक-एक किलो वजन की 14 सोने की छड़ें शामिल हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार जब्त किए गए सोने की कीमत करीब 22 करोड़ रुपये आंकी गई है।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

बीरभूम के पुलिस अधीक्षक विदित राज बुंदेश ने बताया कि विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद विशेष टीम का गठन कर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में मामले के तार एक बड़े नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

राजनीतिक संबंधों की भी जांच

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि टुलू मंडल का नाम पूर्व तृणमूल कांग्रेस नेता अनुब्रत मंडल से जुड़े होने के कारण भी चर्चा में है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नकदी और सोना किन स्रोतों से जुटाया गया तथा क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय था। फिलहाल पुलिस ने जब्त नकदी और सोने को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आर्थिक लेनदेन, अवैध कारोबार और संभावित नेटवर्क की विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *