
रायपुर। : राजधानी रायपुर पुलिस ने नकली सोना बेचकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का खुलासा किया है। मामले का खुलासा करते हुए रायपुर क्राइम डीसीपी स्मृतिक राजनाला ने बताया कि आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से देश के अलग-अलग राज्यों में लोगों को नकली सोना असली बताकर ठग रहा था।
पुलिस के मुताबिक रायपुर के तेलीबांधा, डीडी नगर और राजेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों की जांच के दौरान गिरोह का खुलासा हुआ। तीनों मामलों में आरोपियों ने लोगों को झांसा देकर करीब 22.50 लाख रुपये की ठगी की थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 लाख रुपये नकद और करीब 3 लाख रुपये मूल्य की चांदी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से लोगों को कम कीमत में सोना बेचने का लालच देता था। विश्वास जीतने के बाद नकली सोना देकर बड़ी रकम लेकर फरार हो जाता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड और बिहार सहित कई राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने अन्य राज्यों में भी कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। रायपुर पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा ठगी की कुल राशि कितनी है।
क्राइम डीसीपी स्मृतिक राजनाला ने लोगों से अपील की है कि सोना या अन्य कीमती धातु खरीदते समय केवल अधिकृत और विश्वसनीय विक्रेताओं से ही खरीदारी करें। यदि कोई व्यक्ति बाजार मूल्य से बेहद कम कीमत पर सोना बेचने का दावा करता है, तो सतर्क रहें और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।