शासकीय चावल के अवैध भंडारण का मामला, 24 क्विंटल चावल के साथ आरोपी गिरफ्तार

Spread the love
शासकीय चावल के अवैध भंडारण का मामला, 24 क्विंटल चावल के साथ आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग / पुलिस ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन कार्डधारियों को वितरित किए जाने वाले शासकीय चावल के अवैध क्रय-विक्रय, अदला-बदली एवं भंडारण के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के मकान से 60 बोरियों में कुल 24 क्विंटल शासकीय चावल बरामद किया है।

खाद्य निरीक्षक आशुतोष चंद्राकर ने शासकीय खाद्यान्न के अवैध क्रय-विक्रय एवं अदला-बदली कर भंडारण किए जाने संबंधी शिकायत और दस्तावेज थाना वैशाली नगर में प्रस्तुत किए थे। इसके आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 374/2026 के तहत धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने राजीव नगर, वार्ड क्रमांक 19 स्थित आरोपी के मकान की तलाशी ली। यहां सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र हितग्राहियों को वितरित किए जाने वाला चावल 60 बोरियों में कुल 24 क्विंटल मात्रा में भंडारित मिला। बरामद चावल की नागरिक आपूर्ति निगम के तकनीकी सहायक के माध्यम से जांच कराई गई, जिसमें उसके शासकीय खाद्यान्न होने की पुष्टि हुई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा पीडीएस के माध्यम से राशन कार्डधारियों को मिलने वाले शासकीय खाद्यान्न का अवैध रूप से क्रय-विक्रय एवं अदला-बदली कर अपने मकान में भंडारण किया जा रहा था। मामले में सोहन चेलक (23), निवासी राजीव नगर, वार्ड क्रमांक 19, वैशाली नगर, दुर्ग को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध थाना पुलगांव में वर्ष 2022 में भी भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *