12 सितंबर को भिलाई में सेवा, खेल और सनातन संस्कृति का संगम

Spread the love
12 सितंबर को भिलाई में सेवा, खेल और सनातन संस्कृति का संगम

सुबह ‘रन भिलाई रन’ मैराथन, शाम को सेक्टर-9 चौक में 51 फीट ऊंचे भगवा ध्वज का होगा ध्वजारोहण

भिलाई नगर। श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा 12 सितंबर 2026 को भिलाई में सामाजिक सरोकार, खेल और सनातन संस्कृति से जुड़े दो भव्य आयोजनों का आयोजन किया जाएगा। सुबह युवाओं एवं खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘रन भिलाई रन–द स्टील सिटी रन’ मैराथन आयोजित होगी, जबकि शाम को सेक्टर-9 चौक में 51 फीट ऊंचे विशाल भगवा ध्वज का ध्वजारोहण किया जाएगा।

समिति की युवा शाखा के अध्यक्ष मनीष पाण्डेय के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित मैराथन की शुरुआत सुबह 6 बजे आई लव भिलाई चौक, सिविक सेंटर से होगी। 5 किलोमीटर की इस मैराथन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 1500 पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं के लिए अलग-अलग नकद पुरस्कार रखे गए हैं। आयोजन में पहुंचने वाले लोगों के लिए लकी ड्रॉ भी होगा, जिसमें साइकिल, ट्रॉली बैग, स्कूल बैग, टिफिन बॉक्स सहित विभिन्न उपहार दिए जाएंगे।

आदिवासी और अनाथ बच्चों के लिए विशेष दौड़

मैराथन का विशेष आकर्षण दुर्ग के छात्रावासों में रहने वाले आदिवासी एवं अनाथ बच्चे होंगे। इनके लिए 100 और 200 मीटर की विशेष दौड़ आयोजित की जाएगी। समिति के अनुसार, ‘नक्सल मुक्त बस्तर’ की सकारात्मक भावना के साथ आयोजित इस दौड़ का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें खेलों से जोड़ना और बस्तर में हो रहे सकारात्मक बदलाव का संदेश देना है।

शाम को 51 फीट ऊंचे भगवा ध्वज का ध्वजारोहण

दिन के दूसरे चरण में श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा सेक्टर-9 चौक में सनातन आस्था से जुड़ा भव्य आयोजन किया जाएगा। शाम 4:30 बजे 51 फीट ऊंचे विशाल भगवा ध्वज का ध्वजारोहण किया जाएगा। इस अवसर पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और महाआरती का आयोजन होगा। भगवा ध्वज फहराकर रामभक्ति और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था का संदेश दिया जाएगा।

समिति ने भिलाई-दुर्ग सहित आसपास के क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, मातृशक्ति एवं सनातन धर्मावलंबियों से दोनों आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *