
श्री रानी सती मंदिर में देर रात तक गूंजे भजन, आज मंगल पाठ और भव्य महाआरती
रायपुर। राजा तालाब स्थित श्री रानी सती मंदिर में 50वें भादों अमावस्या मेले का शुभारंभ गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में हुआ। प्रथम दिवस सुबह से ही दादी जी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों और शाम से देर रात तक चली भजन संध्या से मंदिर परिसर भक्तिरस में डूबा रहा।
प्रातः 10:30 बजे दादी जी का पंचामृत स्नान एवं ध्यान विधि-विधान से संपन्न हुआ। इस दौरान दादी जी के विग्रह के दोनों हाथों और चरणों में सुरंगी मेहंदी लगाई गई। इसके बाद जजमानों की उपस्थिति में मंत्रोच्चार के साथ दादी जी को घाघरा, चुनरी और नथ धारण कराकर मनोहारी श्रृंगार किया गया।
शाम 7 बजे दादी जी के नयनाभिराम श्रृंगार दर्शन के लिए मंदिर के पट खोले गए। दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर दादी जी के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने दादी जी के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद रात 8:30 बजे मुख्य जजमान द्वारा षोडश मातृका पूजन एवं ज्योति प्रज्वलन किया गया। मंदिर परिसर में विराजमान भगवान गणेश, भगवान शिव, श्री हनुमान जी एवं पितृ देवताओं का विधिवत आह्वान और पूजन किया गया।
कोलकाता और अयोध्या के कलाकारों ने बांधा समां
ज्योति प्रज्वलन के बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ। कोलकाता एवं अयोध्या से पहुंचे भजन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में डुबोए रखा। मंदिर समिति के अध्यक्ष किशोर डोलिया ने बताया कि सुप्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक गर्ग, नामिश राजगढ़िया (कोलकाता) तथा पप्पू सांवरिया और स्मृति कक्कड़ (अयोध्या) ने दादी जी के चरणों में भजनों की प्रस्तुति दी।
भजन संध्या के दौरान गजानंद, हनुमान जी, भगवान शिव और दादी जी की भक्ति से जुड़े भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर जय श्री दादी और जय दादी की के जयघोष से गुंजायमान रहा।
छप्पन भोग के बाद प्रभाती आरती तक चला भजन उत्सव
मंदिर समिति के प्रचार-प्रसार प्रभारी कैलाश अग्रवाल ने बताया कि रात 1 बजे दादी जी को छप्पन भोग अर्पित किया गया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद रात 1:30 बजे से प्रभाती आरती तक भजन उत्सव जारी रहा। सुबह 4 बजे प्रभाती आरती के साथ प्रथम दिवस के आयोजन का भक्तिमय समापन हुआ।
आज मंगल पाठ और भव्य महाआरती
कैलाश अग्रवाल ने बताया कि 11 सितंबर को सुबह 7 बजे जात-धोक पूजा होगी। दोपहर 2 बजे से दादी जी का मंगल पाठ आयोजित किया जाएगा। शाम 5 बजे से भजन संध्या एवं मेले का आयोजन होगा, जिसमें कोलकाता के सुप्रसिद्ध भजन गायक पंकज भाई जोशी भजनों की प्रस्तुति देंगे। रात 9:30 बजे छप्पन भोग प्रसाद वितरण के साथ भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा।