
भिलाई। भिलाई के कैंप-1 स्थित वृंदा नगर इलाके में एक दंपति का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई है। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले किसी वजह से पत्नी की हत्या की और फिर खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गया। घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया है।
सुबह मां ने देखा खौफनाक मंजर
मिली जानकारी के अनुसार, वृंदा नगर में राम मंदिर के पास रहने वाला जी. वेंकटरमन पेशे से ई-रिक्शा चालक था और अपनी पत्नी जी. विद्यावती विजया के साथ घर में रहता था। बुधवार सुबह जब काफी देर तक उनके घर का दरवाजा नहीं खुला, तो सामने ही रहने वाली वेंकटरमन की मां उन्हें देखने वहां पहुंची। दरवाजा खोलने पर भीतर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। बहू विद्यावती का शव सामने के कमरे में फर्श पर पड़ा हुआ था, जबकि बेटे वेंकटरमन ने दूसरे कमरे में नायलॉन की रस्सी से फांसी लगा ली थी।
छोटे भाई ने उतारा शव, पुलिस को दी सूचना
बदहवास मां ने तुरंत अपने छोटे बेटे को वहां बुलाया। मौके पर पहुंचे छोटे भाई ने आनन-फानन में फंदे से लटक रहे बड़े भाई वेंकटरमन के शव को नीचे उतारा और तत्काल वैशाली नगर पुलिस को घटना की सूचना दी।
एफएसएल की टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए वैशाली नगर पुलिस के साथ-साथ एफएसएल (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर सुपेला अस्पताल भिजवाया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने घर के कोने-कोने से अहम साक्ष्य इकट्ठे किए हैं, जिसके बाद पुलिस ने पूरे घर को सील कर दिया है।
सुसाइड नोट नहीं मिला, पत्नी के गले पर मिले निशान
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा घर की सघन तलाशी ली गई है, लेकिन मौके से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। सीएसपी ने बताया कि मृतक पति जहां नायलॉन की रस्सी से फंदे पर लटका हुआ था, वहीं पत्नी जमीन पर मृत अवस्था में पाई गई है। पत्नी के गले पर कुछ संदिग्ध निशान भी नजर आ रहे हैं, जिससे अंदेशा है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई हो।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उठेगा रहस्य से पर्दा
मोहल्ले वासियों के मुताबिक, हाल-फिलहाल में दंपति के बीच किसी बड़े विवाद या लड़ाई-झगड़े की बात सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी का कहना है कि मौत का असल कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि दोनों की मौत कितने बजे और किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस सभी एंगल्स से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।