
रायपुर। वैदिक संस्कृति के पुनर्जागरण, तनावमुक्त जीवन शैली के प्रचार तथा समाज में नैतिक व आध्यात्मिक मूल्यों के संवर्धन के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में ‘वैदिक चेतना महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सोमवार, 15 जून 2026 को शाम 5:00 बजे से 7:00 बजे तक स्वर्ण भूमि स्थित स्वर्ण क्लब हाउस के पश्चिमा हॉल (प्रथम तल) में संपन्न होगा।
वैदिक सत्संग समिति एवं भारतीय योग संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह पारिवारिक कार्यक्रम पूरी तरह से निःशुल्क है और इसमें सभी वर्गों के नागरिक शामिल हो सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय वेद कथाकार का मिलेगा सान्निध्य महोत्सव में मुख्य वक्ता के रूप में सुप्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय वेद कथाकार आचार्य चंद्रशेखर शास्त्री उपस्थित रहेंगे। विगत कई दशकों से देश-विदेश में वैदिक धर्म और महर्षि दयानंद सरस्वती के संदेशों का प्रचार कर रहे आचार्य शास्त्री 50 से अधिक महत्वपूर्ण पुस्तकों के रचयिता हैं। उनके व्याख्यान आधुनिक जीवन की चुनौतियों का वैदिक समाधान प्रस्तुत करते हैं।
साथ ही, कार्यक्रम में शिक्षाविद्, समाजसेवी और प्रेरक वक्ता आचार्य डॉ. अजय आर्य का भी विशेष मार्गदर्शन प्राप्त होगा, जो युवाओं में चरित्र निर्माण और राष्ट्रोत्थान की भावना का संचार करेंगे।
समाजसेवियों का होगा सम्मान, गूंजेंगे भजन आयोजन के दौरान रायपुर, दुर्ग, भिलाई और महासमुंद सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के उन विशिष्ट नागरिकों, शिक्षाविदों और समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से जनसेवा और लोककल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायक नरेश वर्मा ‘धुरंधर’ अपनी मधुर भजनामृत प्रस्तुति से आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करेंगे।
सपरिवार शामिल होने की अपील आयोजक समिति के राजेन्द्र अग्रवाल एवं राकेश दुबे ने बताया कि यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एक सामाजिक और सांस्कृतिक जागरण अभियान है। इसका उद्देश्य परिवारों में संस्कारों का पुनर्संचार करना और तनावपूर्ण जीवन से मुक्ति के व्यावहारिक उपाय बताना है। आयोजकों ने राजधानी और आसपास के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार इस आयोजन में उपस्थित होकर मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नयन का लाभ उठाएं।