दुर्ग में दोहरा हत्याकांड: आरक्षक के घर में घुसकर महिला ने पत्नी और मासूम बेटे को उतारा मौत के घाट

Spread the love
दुर्ग में दोहरा हत्याकांड: आरक्षक के घर में घुसकर महिला ने पत्नी और मासूम बेटे को उतारा मौत के घाट

अवैध संबंधों के चलते खूनी खेल: बेटी की हालत नाजुक, बाथरूम में छिपकर एक बच्चे ने बचाई जान


​दुर्ग | मुख्य संवाददाता दुर्ग जिले के स्मृति नगर चौकी अंतर्गत एसटीएफ कॉलोनी में शनिवार सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक सनकी महिला ने आरक्षक के परिवार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हृदयविदारक घटना में आरक्षक की पत्नी और उनके 9 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बेटी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामला अवैध संबंधों से जुड़ी रंजिश का बताया जा रहा है।

​मिली जानकारी के अनुसार, एसटीएफ कॉलोनी में तैनात आरक्षक ललितेश यादव के घर शनिवार सुबह करीब 8 बजे आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज पहुंची। ललितेश की अनुपस्थिति में सरोजनी ने घर के भीतर घुसकर आरक्षक की पत्नी रानी यादव (32 वर्ष) और बेटे आदित्य यादव (9 वर्ष) पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना हिंसक था कि मां-बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

​हमले के दौरान आरक्षक की बेटी तानिया यादव ने बीच-बचाव की कोशिश की, जिस पर आरोपी ने उस पर भी जानलेवा वार किए। तानिया को लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और वह आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रही है। वहीं, घर में मौजूद एक अन्य बच्ची नैना यादव ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को बाथरूम में बंद कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

​पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी सरोजनी भारद्वाज और आरक्षक ललितेश यादव के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध थे


आरोपी महिला शुक्रवार को भी आरक्षक के घर आई थी। तब परिजनों ने उसे समझा-बुझाकर वापस भेज दिया था। संबंधों में आई खटास और आपसी विवाद के कारण महिला ने पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रची और शनिवार सुबह इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

​दोहरे हत्याकांड की खबर मिलते ही पूरी एसटीएफ कॉलोनी में सन्नाटा पसर गया और लोग दहशत में आ गए। सूचना पर तुरंत पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। मौके पर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे।

“आरोपी महिला ने घर में घुसकर मां और बच्चों पर हमला किया है। इसमें दो लोगों की मृत्यु हुई है और एक बच्ची घायल है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का लग रहा है।” > — सत्यप्रकाश तिवारी, सीएसपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *