
आरोपी युवक गिरफ्तार: चॉकलेट का लालच देकर ले गया था साथ, एनएसपीसीएफ ग्राउंड के पास दी घटना को अंजाम
दुर्ग/भिलाई पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरैना में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 23 वर्षीय युवक ने 5 साल की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। दरिंदगी की इंतहा ऐसी थी कि आरोपी ने बच्ची के हाथ-पैर बांधकर उसे झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है, वहीं घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।
चॉकलेट का लालच देकर किया अगवा
मिली जानकारी के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला आरोपी किशोर चौहान (23 वर्ष), जो नशे का आदी बताया जा रहा है, ने मासूम बच्ची को चॉकलेट दिलाने का झांसा दिया और उसे सुनसान इलाके की ओर ले गया। जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने घबराकर उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बच्ची एनएसपीसीएफ ग्राउंड के पास झाड़ियों में लहूलुहान और गंभीर हालत में मिली
बंधे हुए थे मासूम के हाथ-पैर
परिजनों ने जब बच्ची को देखा तो उनके होश उड़ गए। मासूम के हाथ-पैर बंधे हुए थे और वह दर्द से कराह रही थी। घटना की सूचना मिलते ही छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा और पुरानी भिलाई पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी किशोर चौहान को दबोच लिया। बच्ची को तत्काल डॉक्टरी परीक्षण और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 137(2), 65(2), 296, 115(2), 351(3) और पॉक्सो एक्ट (POCSO) की धारा 4 व 12 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
जैसे ही इस हैवानियत की खबर फैली, स्थानीय निवासियों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जमा हो गए और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करने लगे। स्थिति को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।
”आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में सभी संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि आरोपी को सख्त सजा दिलाई जा सके।”
— प्रशांत सिंह पैकरा, सीएसपी, छावनी