
26 नवंबर को प्रस्तावित समारोह से पहले प्रकाश व्यवस्था, हरियाली और प्रवेश द्वार सहित शेष कार्य पूरे करने के निर्देश
भिलाई नगर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के डॉ. अंबेडकर सांस्कृतिक एवं खेल परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। आगामी 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर प्रतिमा के अनावरण समारोह का आयोजन प्रस्तावित है। समारोह में भिलाई इस्पात संयंत्र के डायरेक्टर इंचार्ज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस संबंध में भिलाई इस्पात संयंत्र एससी/एसटी एम्पलाईज एसोसिएशन (पंजीयन क्रमांक 6976) के अध्यक्ष कोमल प्रसाद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने टाउनशिप विभाग के मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी ए.बी. श्रीनिवास के साथ बैठक की। बैठक में प्रतिमा स्थल पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की गई और शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर चर्चा हुई।
बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद ने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर प्रतिमा के अनावरण समारोह का भव्य आयोजन किया जाना है। इसके लिए प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण समय पर पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने प्रतिमा के चारों ओर प्रकाश व्यवस्था करने, परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए बॉटल पाम के पौधे लगाने, टाइल्स एवं ग्रेनाइट लगाने तथा अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों को शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता बताई।
इसके साथ ही डॉ. अंबेडकर सांस्कृतिक एवं खेल परिसर में प्रवेश एवं निकास द्वार का निर्माण तथा पानी की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को भी पूरा करने की मांग रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से प्रतिमा स्थल की सुंदरता बढ़ेगी और परिसर का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।
टाउनशिप विभाग के मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी ए.बी. श्रीनिवास ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक कार्य प्रबंधन के संज्ञान में हैं और इन्हें पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम मंडावी, महासचिव विजय कुमार रात्रे, उपाध्यक्ष कुमार भारद्वाज एवं वेद प्रकाश सूर्यवंशी, संगठन सचिव परमेश्वर लाल कुर्रे, जोनल सचिव कालीदास बघेल और कोषाध्यक्ष अनिल कुमार खेलवार उपस्थित रहे।