
ओमान से प्रत्यर्पण के बाद CBI की टीम भारत लेकर पहुंची, क्रिकेट समेत कई खेलों में ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क चलाने का आरोप
नई दिल्ली/रायपुर। देश के चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए CBI ने ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत ला लिया है। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था। ओमान पुलिस ने इसी आधार पर उसे हिरासत में लिया था। CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से प्रत्यर्पण संबंधी प्रस्ताव और साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने के बाद ओमान सरकार ने उसे भारत भेजने की मंजूरी दी।
जानकारी के अनुसार, CBI की विशेष टीम सौरभ चंद्राकर को लेने मस्कट पहुंची थी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे भारत लेकर आई। भारत पहुंचने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी कर उसे रायपुर लाया जाएगा। उसे 2 नवंबर को रायपुर स्थित CBI की विशेष अदालत में पेश किए जाने की जानकारी सामने आई है।
सौरभ चंद्राकर दो CBI मामलों में वांछित है। इन मामलों में पहले ही आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। इसके अलावा ED के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल है। CBI ने छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर महादेव ऐप से जुड़े मामलों की जांच शुरू की थी।
जांच में सामने आया था कि महादेव ऐप के माध्यम से क्रिकेट, फुटबॉल, ताश समेत विभिन्न खेलों और आयोजनों पर फ्रेंचाइजी पैनल के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। इस नेटवर्क के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध लेनदेन किए जाने के आरोप हैं।
सौरभ चंद्राकर को भारत लाए जाने को महादेव सट्टा ऐप मामले की जांच में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। अब रायपुर की विशेष अदालत में उसकी पेशी और आगे की न्यायिक प्रक्रिया पर सभी की नजरें रहेंगी।