
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खतरनाक इबोला (Ebola) वायरस की संभावित दस्तक ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को अलर्ट मोड पर ला दिया है। अफ्रीकी देशों कांगो, इथोपिया और युगांडा से सफर कर दुर्ग पहुंचे तीन लोगों को इबोला का संदिग्ध माना जा रहा है। गौरतलब है कि प्रदेश में इबोला संदिग्धों का यह पहला मामला सामने आया है। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने इन संदिग्ध मरीजों के जिले में पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि की है।
आईडीएसपी से मिली सूचना, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
मिली जानकारी के अनुसार, इंटीग्रेटेड डिसीज सर्विलांस प्रोग्राम (आईडीएसपी) के जरिए जिला प्रशासन को इन विदेशी यात्रियों के ट्रेवल हिस्ट्री और दुर्ग पहुंचने की अहम सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कलेक्टर अभिजीत सिंह ने तत्काल एक्शन लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया है कि बिना किसी देरी के सभी संदिग्धों को ढूंढकर एहतियातन होम-आइसोलेशन (Home Isolation) में रखा जाए।
राहत की खबर: तीनों की स्थिति सामान्य
जिले में इबोला के संदिग्धों के मिलने से हड़कंप की स्थिति जरूर है, लेकिन राहत की बात यह है कि फिलहाल तीनों संदिग्धों की स्वास्थ्य स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके संपर्क में है और प्रोटोकॉल के तहत उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
प्रशासनिक कदम: कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही है निगरानी। यह प्रदेश का पहला संदिग्ध केस है।