
सूरजपुर। जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक बस से लगभग 20 क्विंटल गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मादक पदार्थ को बस के माध्यम से मध्य प्रदेश के कटनी जिले ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि तस्करों ने मजदूरों को लेकर जाने का बहाना बनाकर गांजे का परिवहन करने की योजना बनाई थी। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते यह खेप अपने गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही पकड़ी गई।
सूत्रों के मुताबिक, बस की जांच के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया। मामले में शामिल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गांजे के स्रोत तथा इसके नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा जल्द ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। इस बड़ी कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।