इंजीनियरिंग के छात्र बने चैन स्नैचर, बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना

Spread the love
इंजीनियरिंग के छात्र बने चैन स्नैचर, बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना

दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में हुई चैन स्नैचिंग की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए इंजीनियरिंग के छात्र-छात्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी कॉलेज में साथ पढ़ते हैं और पैसों की जरूरत के चलते चैन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने लगे। आरोपी सुबह के समय स्कूटी से घूमकर पैदल टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे।

पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को प्रियदर्शनी परिसर में 62 वर्षीय गीता देवी सुबह करीब 6.32 बजे घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक-युवती वहां पहुंचे। पीछे बैठे आरोपी ने मौका पाकर गीता देवी के गले से सोने की चैन झपट ली और दोनों फरार हो गए। इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट स्थित विद्या विहार कॉलोनी में भी गीता देवी को दोबारा निशाना बनाया गया।

लगातार हुई चैन स्नैचिंग की घटनाओं के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने विक्की नायक और तरूणा सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने दोनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।

एएसपी मणिशंकर चंद्रा के अनुसार आरोपी स्कूटी से सुबह के समय क्षेत्र में घूमते थे और पैदल टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं की रेकी कर उन्हें निशाना बनाते थे। वारदात के दौरान एक आरोपी स्कूटी चलाता था, जबकि दूसरा मौका मिलते ही चैन झपटकर फरार हो जाता था। पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और कपड़े का इस्तेमाल किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चैन का हिस्सा और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *