एससी-एसटी विद्यार्थियों से ट्यूशन फीस लेने का फैसला बीएसपी ने लिया वापस

Spread the love
एससी-एसटी विद्यार्थियों से ट्यूशन फीस लेने का फैसला बीएसपी ने लिया वापस

वेतन से काटी गई राशि अगले माह लौटाई जाएगी, एससी/एसटी एम्पलाईज एसोसिएशन के विरोध के बाद प्रबंधन की कार्रवाई

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन ने अपने द्वारा संचालित विद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों से ट्यूशन फीस लिए जाने के निर्णय को वापस ले लिया है। साथ ही जिन कार्मिकों के वेतन से ट्यूशन फीस की राशि काटी गई है, उसे वापस करने का निर्णय लिया गया है।


बीएसपी एससी/एसटी एम्पलाईज एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद ने बताया कि बीएसपी संचालित विद्यालयों में एससी/एसटी विद्यार्थियों से ट्यूशन फीस लिए जाने की जानकारी मिलने के बाद एसोसिएशन ने इसका विरोध किया था। इस संबंध में डायरेक्टर इंचार्ज बीएसपी, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन), मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन), शिक्षा अधिकारी एवं लाइजन ऑफिसर को ज्ञापन सौंपकर सेल के घोषित प्रावधानों को भिलाई इस्पात संयंत्र के विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने की मांग की गई थी।


एसोसिएशन ने प्रबंधन से संबंधित आदेश अथवा परिपत्र की प्रति उपलब्ध कराने के साथ ही जिन कार्मिकों के वेतन से ट्यूशन फीस की कटौती की गई है, उनकी राशि वापस करने की मांग भी की थी।


अध्यक्ष कोमल प्रसाद के अनुसार, इस मामले में बीएसपी के डायरेक्टर इंचार्ज एवं कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) ने एसोसिएशन को त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद शिक्षा अधिकारी, बीएसपी ने जानकारी दी कि एससी/एसटी विद्यार्थियों से ट्यूशन फीस नहीं लिए जाने तथा जिन कार्मिकों के वेतन से राशि काटी गई है, उसे वापस करने संबंधी आंतरिक परिपत्र जारी कर दिया गया है। काटी गई राशि आगामी माह संबंधित कार्मिकों को वापस किए जाने की बात कही गई है।


कोमल प्रसाद ने कहा कि एससी/एसटी एम्पलाईज एसोसिएशन कर्मचारियों एवं अधिकारियों तथा उनके परिवारों के शैक्षणिक एवं सामाजिक हितों के साथ-साथ कल्याणकारी प्रावधानों के संरक्षण और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन कार्मिकों के हित और आत्मसम्मान को प्राथमिकता देता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *