850 करोड़ के बजट के बाद भी भिलाई में शुद्ध पेयजल संकट, आम आदमी पार्टी ने नगर निगम का किया घेराव

Spread the love
850 करोड़ के बजट के बाद भी भिलाई में शुद्ध पेयजल संकट, आम आदमी पार्टी ने नगर निगम का किया घेराव

भिलाई। / Aam Aadmi Party के जिला दुर्ग इकाई के नेतृत्व में सोमवार को भिलाई नगर निगम का जोरदार घेराव किया गया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन पर जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कार्यकारी अध्यक्ष Jaspreet Singh ने किया। इस दौरान प्रदेश महासचिव Wadood Alam, महिला सचिव K. Jyoti, भिलाई नगर चुनाव प्रभारी Dr. S.K. Agrawal और पूर्व आरटीआई प्रदेश अध्यक्ष Meharban Singh भी मौजूद रहे।


प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हाल ही में नगर निगम द्वारा 850 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया, लेकिन इसके बावजूद शहरवासियों को शिवनाथ नदी का शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के जनप्रतिनिधि बजट का जश्न मनाने में व्यस्त हैं, जबकि आम जनता दूषित पानी पीने को मजबूर है।


आम आदमी पार्टी ने केंद्र और राज्य सरकार की अमृत जल मिशन, जल जीवन मिशन और भागीरथी योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इन योजनाओं के नाम पर अरबों रुपये खर्च किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। नेताओं के अनुसार खम्हरिया वार्ड क्रमांक-01 सहित कई इलाकों में लोग आज भी बोरवेल के पानी पर निर्भर हैं। वहीं खुर्सीपार वार्ड-46 और गौतम नगर के रहवासी वर्षों से केमिकल युक्त पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे पीलिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

प्रदर्शन के दौरान हुडको क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को लेकर भी निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया गया। नेताओं ने कहा कि क्षेत्र में पाइपलाइन तो बिछा दी गई, लेकिन वर्षों बाद भी जल सप्लाई शुरू नहीं की गई। यहां के लोग अब भी Bhilai Steel Plant के जल सप्लाई सिस्टम पर निर्भर हैं।


आम आदमी पार्टी ने वाटर एटीएम योजना को भी भ्रष्टाचार का माध्यम बताते हुए कहा कि लाखों रुपये खर्च कर लगाए गए अधिकांश वाटर एटीएम बंद पड़े हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि निगम प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए पानी को व्यवसाय का रूप दे दिया है।


घेराव के दौरान वार्ड-51 शिवाजी नगर और वार्ड-35 की बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए। प्रदर्शन के अंत में पार्टी पदाधिकारियों ने नगर निगम आयुक्त को कथित केमिकल युक्त गंदे पानी का सैंपल सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही हर घर तक शिवनाथ नदी का शुद्ध पानी नहीं पहुंचाया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

कार्यक्रम में बलविंदर, धर्मेंद्र चौधरी, रामपाल, रऊफ अंसारी, शिव शेट्टी, पंकज चौधरी, मनीष मिश्रा, सोनू यादव, विजय अग्रवाल, देवेंद्र, तिलक, पिंकी, हरचरण, पुरुषोत्तम राजपूत, पवन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *