
हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने नकली टोमैटो सॉस बनाने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने भारी मात्रा में नकली सॉस, केमिकल, रंग और पैकिंग सामग्री जब्त की है। बताया जा रहा है कि बाजार में जिस उत्पाद को “टोमैटो सॉस” बताकर बेचा जा रहा था, उसमें टमाटर नाममात्र तक मौजूद नहीं था।
खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में खुलासा हुआ कि नकली सॉस तैयार करने के लिए गाजर का पल्प, स्टार्च, कृत्रिम रंग, सोडियम बेंजोएट, चीनी और नमक का इस्तेमाल किया जा रहा था। इन सामग्रियों से ऐसा रंग और स्वाद तैयार किया जाता था कि आम लोग इसे असली टोमैटो सॉस समझकर इस्तेमाल करते रहे।
जानकारी के मुताबिक यह नकली सॉस खासतौर पर सड़क किनारे लगने वाले फास्ट फूड ठेलों, छोटे होटलों और दुकानदारों को सप्लाई की जाती थी। चाट, समोसा, बर्गर, चाउमीन और अन्य स्नैक्स के साथ लोग रोजाना इस नकली सॉस का सेवन कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान विभागीय टीम ने बड़ी मात्रा में तैयार सॉस के डिब्बे, रसायन और पैकिंग सामग्री बरामद की। अधिकारियों ने सॉस के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे खुले और बिना ब्रांड वाले खाद्य उत्पादों के इस्तेमाल से बचें तथा खरीदारी करते समय गुणवत्ता और पैकेजिंग की जांच जरूर करें।