महासमुंद ब्रेकिंग – महासमुंद में 9.27 करोड़ का सोना जब्त, कार के गुप्त चैंबर में छुपाकर ले जा रहे थे आभूषण

Spread the love
महासमुंद ब्रेकिंग – महासमुंद में 9.27 करोड़ का सोना जब्त, कार के गुप्त चैंबर में छुपाकर ले जा रहे थे आभूषण

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-53 स्थित रेहटीखोल चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 9 करोड़ 27 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गुजरात के तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, सिंघोड़ा पुलिस द्वारा रेहटीखोल चेकपोस्ट के पास संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक वोक्सवैगन कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे बनाए गए गुप्त चैंबर से भारी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए गए।

पुलिस ने कार से कुल 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 27 लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपित सोने के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोना जब्त कर लिया।
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावात के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोने को गुप्त चैंबर में छुपाकर ले जाया जा रहा था ताकि जांच एजेंसियों से बचा जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंघोड़ा पुलिस ने आगे की जांच के लिए प्रकरण आयकर विभाग एवं राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) को सौंप दिया है। मामले में सोने के स्रोत, परिवहन और संभावित नेटवर्क को लेकर जांच जारी है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *