
रायपुर। राजधानी रायपुर में हाई अलर्ट और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल झपट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8 बजे धरमलाल कौशिक शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश अचानक उनके पास पहुंचे और मोबाइल झपटकर तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना ऐसे समय हुई है जब केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को लेकर राजधानी में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और जगह-जगह सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। वीआईपी इलाके में हुई इस वारदात ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। वहीं आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश तेज कर दी गई है।
इस घटना के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।