
रायपुर। छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने सरकारी खर्चों में कटौती को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर वित्त विभाग ने आदेश जारी करते हुए सभी विभागों को फिजूलखर्ची रोकने और आवश्यक खर्चों तक सीमित रहने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के कारकेड में शामिल वाहनों की संख्या कम करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बैठकों और प्रशासनिक कार्यों के लिए वर्चुअल मीटिंग को बढ़ावा देने कहा गया है, ताकि यात्रा और अन्य खर्चों में कमी लाई जा सके।
सरकार ने विदेश यात्राओं पर भी सख्ती दिखाई है। अब किसी भी अधिकारी या प्रतिनिधि की विदेश यात्रा केवल विशेष आवश्यकता और सक्षम अनुमति के बाद ही संभव होगी।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मितव्ययिता और सरकारी खर्चों में नियंत्रण के आह्वान के बाद राज्य सरकार ने यह कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय स्वयं भी अपने कारकेड में पहले ही कटौती कर चुके हैं और अब पूरे प्रशासनिक तंत्र में खर्च कम करने की पहल शुरू कर दी गई है।
सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक सादगी और वित्तीय अनुशासन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।