दोस्ती बनी दुश्मनी! मोटा कहकर चिढ़ाया तो गुस्से में दोस्त ने चाकू से कर दी हत्या, एक घायल

Spread the love
दोस्ती बनी दुश्मनी! मोटा कहकर चिढ़ाया तो गुस्से में दोस्त ने चाकू से कर दी हत्या, एक घायल

रायपुर। : रायपुर जिले के तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव में एक मामूली विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। 10वीं कक्षा पास कर चुके 16 वर्षीय छात्र अमन यदु की चाकू लगने से मौत हो गई। घटना में घायल 15 वर्षीय किशोर का अस्पताल में उपचार जारी है। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और आपस में दोस्त भी थे। पुलिस मामले की जांच और पूछताछ में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अमन यदु पिता राजकुमार यदु (16) और घायल किशोर सासाहोली गांव के वार्ड क्रमांक-1 के निवासी हैं। दोनों ने हाल ही में 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और एक ही स्कूल में अध्ययनरत थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 10वीं की परीक्षा के दौरान घायल किशोर ने अमन को “मोटा” कहकर चिढ़ाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को स्कूल से लौटते समय अमन ने किशोर को रास्ते में बुलाया। इसके बाद वह घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर आया और किशोर के गले पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले में घायल किशोर ने बचाव के दौरान वही चाकू छीन लिया और अमन पर पलटवार कर दिया। झड़प में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान अमन यदु की मौत हो गई। वहीं घायल किशोर का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों किशोरों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। घायल किशोर के पिता शिक्षक हैं। दोनों परिवार एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं और दोनों के घर एक ही वार्ड में करीब 400 मीटर की दूरी पर स्थित हैं। घटना के बाद गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस सतर्क है, हालांकि फिलहाल क्षेत्र का माहौल पूरी तरह शांत बताया जा रहा है। तिल्दा थाना पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *