गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (कोटमी )के भरे बाजार में दिनदहाड़े फायरिंग: सर्राफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या, गहने लूटकर पल्सर सवार तीन बदमाश फरार

Spread the love
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही           (कोटमी )के भरे बाजार में दिनदहाड़े फायरिंग: सर्राफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या, गहने लूटकर पल्सर सवार तीन बदमाश फरार

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही |जिले के कोटमी गांव में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भरे बाजार में दिनदहाड़े एक सर्राफा कारोबारी को गोली मार दी गई। लूटपाट के इरादे से आए हथियारबंद बदमाशों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

लूट का विरोध करने पर मारी गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पेंड्रा निवासी प्रदीप सोनी (उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ज्वेलरी (आभूषण) का व्यवसाय करते थे। बताया जा रहा है कि प्रदीप सोनी कोटमी बाजार में मौजूद थे, तभी लूटपाट के इरादे से आए बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। जब कारोबारी ने इसका विरोध किया, तो लुटेरों ने उन पर सरेआम फायरिंग कर दी और उनके पास मौजूद ज्वेलरी लूटकर मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना को अंजाम देने वाले आरोपी संख्या में तीन थे और एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बड़ी ही आसानी से भीड़भाड़ वाले इलाके से भाग निकलने में कामयाब रहे।

गोली लगने के बाद प्रदीप सोनी खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

भरे बाजार में हुई इस हत्या और लूट की वारदात ने पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, इलाके की नाकाबंदी कर दी गई है और फरार पल्सर सवार तीन आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों की शिनाख्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *