राष्ट्रीय खेल दिवस पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में ताइक्वांडो एवं योग का शानदार प्रदर्शन

Spread the love
राष्ट्रीय खेल दिवस पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में ताइक्वांडो एवं योग का शानदार प्रदर्शन

खेल रैली के जरिए विद्यार्थियों ने दिया स्वस्थ, अनुशासित और विजयी जीवन का संदेश, प्रिंसिपल इलेवन और स्टूडेंट इलेवन के क्रिकेट मुकाबले में शिक्षक रहे विजेता

दुर्ग। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में विविध खेल गतिविधियों का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने योग एवं ताइक्वांडो का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, वहीं खेल रैली के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर आयोजित प्रिंसिपल इलेवन और स्टूडेंट इलेवन के क्रिकेट मुकाबले में शिक्षकों की टीम विजेता रही।


कार्यक्रम का शुभारंभ हॉकी के महान खिलाड़ी और ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय हॉकी कोच सैयद तनवीर अकील ने मेजर ध्यानचंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने समर्पण, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और अपनी अद्भुत खेल प्रतिभा के बल पर भारत को विश्व स्तर पर गौरवान्वित किया। विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
विद्यालय की प्राचार्य पुष्पा बड़ा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण साधन हैं। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, धैर्य, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं।


कार्यक्रम में राष्ट्रीय कोच सैयद तनवीर अकील, प्राचार्य पुष्पा बड़ा, मुख्याध्यापक कमल नारायण सोनी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन के मुख्य सूत्रधार खेल शिक्षक सुरेश कुमार रहे।


इस अवसर पर आराध्य उपाध्याय ने खेल शपथ का वाचन कराया। विद्यार्थियों ने खेल भावना, अनुशासन, ईमानदारी तथा खेल नियमों के पालन की शपथ ली। वासु उमरे एवं सस्मित ने खेलों के महत्व और राष्ट्रीय खेल दिवस की प्रासंगिकता पर प्रभावशाली विचार व्यक्त किए।



कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग एवं ताइक्वांडो प्रदर्शन रहा। श्रद्धा मैडम के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने योग की विभिन्न मुद्राओं एवं आसनों का सामूहिक प्रदर्शन कर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का संदेश दिया।


वहीं रुक्मणी मैडम के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने ताइक्वांडो की विभिन्न तकनीकों एवं आत्मरक्षा कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अनुशासन और तालमेल ने उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया।

खेल रैली को दिखाई हरी झंडी

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में खेल रैली भी निकाली गई। वरिष्ठ शिक्षक एमके बोरकर ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक रैली में भाग लेते हुए खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजय आर्य ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल का वास्तविक अर्थ केवल जीत और हार नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास, अनुशासन, आत्मविश्वास और अपनी क्षमताओं को बेहतर बनाने की यात्रा है। खेल हमें हार से सीखना और जीत को विनम्रता से स्वीकार करना सिखाते हैं।

क्रिकेट मैच में शिक्षकों ने दिखाया हुनर

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच क्रिकेट मैच भी आयोजित किया गया। प्रिंसिपल इलेवन और स्टूडेंट इलेवन के बीच हुए मुकाबले में शिक्षकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थियों को 107 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विद्यार्थियों की टीम 82 रन ही बना सकी और शिक्षकों की टीम विजेता रही।

इस मुकाबले में कमल नारायण सोनी, आशुतोष सिंह, डॉ. अजय आर्य, राजेश चंद्राकर, विकास यादव, एमके बोरकर, सुरेश कुमार, अल्तमश, डीके यादव, रेखेंद्र सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।

खेल शिक्षक सुरेश कुमार ने मुख्य अतिथि का परिचय प्रस्तुत किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले मुख्य अतिथि, प्राचार्य, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं समस्त सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में श्रद्धा, रुक्मणी, भूमिका, गायत्री, प्रणव सोनी, अवितेश, शिल्पा, ज्योति जायसवाल, मोनिका, मीणा, खत्री, अल्तमश, श्रीकेंद्र सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *