बिलासपुर:-बिलासा एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा टला: लैंडिंग के दौरान अलायंस एयर के विमान का टायर फटा, 37 यात्री सुरक्षित

Spread the love
बिलासपुर:-बिलासा एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा टला: लैंडिंग के दौरान अलायंस एयर के विमान का टायर फटा, 37 यात्री सुरक्षित

दिल्ली से बिलासपुर पहुंची फ्लाइट रनवे पर फंसी; प्रयागराज की उड़ान रद्द, 1-2 दिन सेवाएं प्रभावित रहने की आशंका

बिलासपुर– बिलासपुर के बिलासा एयरपोर्ट पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा होने से टल गया। दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की नियमित फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान अचानक लैंडिंग गियर का टायर फट गया। रनवे पर तेज आवाज और झटके के चलते विमान में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और दहशत मच गई। हालांकि, पायलट के नियंत्रण और एयरपोर्ट सुरक्षा दल की तत्परता से विमान में सवार सभी 37 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


जानकारी के अनुसार, अलायंस एयर का विमान अपने तय समय दोपहर करीब 1:30 बजे बिलासा एयरपोर्ट के रनवे पर टचडाउन कर रहा था। उसी दौरान लैंडिंग गियर का एक टायर तेज धमाके के साथ फट गया। घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रबंधन, तकनीकी स्टाफ और सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतारकर टर्मिनल भवन पहुंचाया गया।


टायर फटने के कारण विमान रनवे पर ही खड़ा हो गया, जिससे रनवे पूरी तरह बाधित हो गया। इसके चलते बिलासपुर से प्रयागराज जाने वाली आगामी कनेक्टिंग फ्लाइट को रद्द कर दिया गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

विमानन कंपनी और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने स्थिति की सूचना दिल्ली स्थित मुख्यालय व तकनीकी विंग को दे दी है। दिल्ली से आने वाली विशेष इंजीनियर्स की टीम विमान के मेंटेनेंस और नए टायर लगाने का काम करेगी। रनवे से विमान हटाए जाने तक, यानी अगले एक से दो दिनों तक बिलासा एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन प्रभावित रहने की संभावना है। फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन और विमानन सुरक्षा एजेंसी घटना के तकनीकी कारणों की जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *