
भिलाई। भिलाई में सरयूपारीय ब्राह्मण समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा, खेल और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आईआईटी भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश मुख्य अतिथि रहे, जबकि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान प्रेम प्रकाश पांडेय के एक बयान ने खासा ध्यान खींचा।
सरयूपारीय ब्राह्मण समाज, भिलाई-दुर्ग की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले 80 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। इसके साथ ही राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों तथा कला के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उपलब्धियों को पहचान देना और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय ने भिलाई की प्रतिभाओं और युवाओं के भविष्य का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भिलाई में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां सकारात्मक और नकारात्मक, दोनों तरह की प्रतिभाएं देखने को मिलती हैं।
इसी दौरान महादेव सट्टा ऐप के संदर्भ में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “भिलाई में जूस वाला भी दुबई पहुंचा।” उनके इस बयान को महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के संदर्भ में देखा गया, जो भिलाई में जूस की दुकान चलाने के लिए जाना जाता था।
प्रेम प्रकाश पांडेय ने अभिभावकों को बच्चों के भविष्य को लेकर सजग रहने की अपील करते हुए सवालिया अंदाज में कहा—“अब आपको तय करना है कि बच्चा IIT जाएगा या महादेव ऐप की राह पर।”
उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच यह बात चर्चा का विषय रही।
समारोह में सांस्कृतिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष विष्णु पाठक, समाज अध्यक्ष प्रभुनाथ मिश्रा और महासचिव राम लक्ष्मण मिश्रा सहित समाज के पदाधिकारी, विद्यार्थी और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।