
पुलगांव क्षेत्र में ओलावृष्टि और तेज बारिश के दौरान हुआ हादसा, लोरमी निवासी था 20 वर्षीय मृतक श्रमिक
दुर्ग / पुलगांव क्षेत्र में बुधवार को अचानक बदले मौसम के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया। हाउसिंग बोर्ड की निर्माणाधीन कॉलोनी में काम कर रहे मजदूरों पर गाज गिरने से 20 वर्षीय एक श्रमिक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।
प्लास्टर का काम कर रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, पुलगांव क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड की निर्माणाधीन साइट पर 5 से 6 मजदूर प्लास्टर का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई और ओले गिरने लगे। मौसम खराब होते देख मजदूर संभल पाते, इससे पहले ही क्षेत्र में तेज धमाके के साथ दो बार आकाशीय बिजली गिरी।
दूसरी बार गिरी गाज की चपेट में आए श्रमिक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूसरी बार गिरी बिजली सीधे उस हिस्से में गिरी जहाँ काम चल रहा था। इसकी चपेट में आने से लोरमी निवासी 20 वर्षीय युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बिलासपुर क्षेत्र का रहने वाला 24 वर्षीय मजदूर (निषाद) बुरी तरह झुलस गया।
अन्य मजदूर बाल-बाल बचे
घटना के समय मौके पर 3 से 4 अन्य मजदूर भी मौजूद थे, जो इस हादसे में बाल-बाल बच गए और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई। घटना के तुरंत बाद साथी मजदूरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों की मदद से घायल मजदूर को फौरन अस्पताल पहुँचाया गया और स्थानीय पुलिस व प्रशासन को सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।