
महासमुंद। जिले के बागबाहरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बाघामुड़ा में आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। घटना शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। हादसे में घर का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया, वहीं एक महिला झुलस गई, जिसका प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बाघामुड़ा निवासी प्रज्ञानंद देवांगन के घर पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरते ही घर में आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय घर में प्रज्ञानंद देवांगन सहित परिवार के 5 सदस्य मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि प्रज्ञानंद देवांगन मोटरसाइकिल बैग बनाने का काम करता है। आगजनी में घर में रखा व्यवसाय से जुड़ा सामान भी पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल वाहन के पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
हादसे में प्रज्ञानंद देवांगन की पत्नी नंदनी देवांगन आग की चपेट में आकर झुलस गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।