
रायपुर। राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में इमरजेंसी सेवाओं को और मजबूत करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। डायल 112 सेवा के तहत संचालित होने वाली सैकड़ों नई गाड़ियां अब सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं। आगामी 18 मई को केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah छत्तीसगढ़ दौरे पर इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की किल्लत के बीच भी इमरजेंसी सेवाओं को प्रभावित न होने देने के लिए प्रशासन विशेष व्यवस्था कर रहा है। राजधानी के तेलीबांधा स्थित पेट्रोल पंप में डायल 112 की सैकड़ों गाड़ियां पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए लाइन में नजर आईं।
जानकारी के मुताबिक, पूरे प्रदेश में 400 से अधिक वाहन डायल 112 इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेवा के तहत संचालित किए जाएंगे। इन वाहनों के जरिए पुलिस सहायता, दुर्घटना, मेडिकल इमरजेंसी और अन्य आपात स्थितियों में लोगों को त्वरित मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
गृह विभाग और पुलिस प्रशासन कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा हुआ है। माना जा रहा है कि नई व्यवस्था से प्रदेश में आपातकालीन सेवाओं की प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा और आम लोगों को राहत मिलेगी।