दल्ली राजहरा में बड़ा हादसा: मिट्टी धंसने से तीन मजदूरों की मौत, सीवरेज पाइप लाइन कार्य के दौरान हुई दुर्घटना

Spread the love
दल्ली राजहरा में बड़ा हादसा: मिट्टी धंसने से तीन मजदूरों की मौत, सीवरेज पाइप लाइन कार्य के दौरान हुई दुर्घटना

बालोद। बालोद जिले के दल्ली राजहरा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मिट्टी में दबने से मौत हो गई। घटना दास पान ठेला चौक के पास उस समय हुई, जब बीएसपी की सीवरेज लाइन में पाइप बिछाने का कार्य चल रहा था। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार मजदूर करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में उतरकर पाइप लाइन बिछाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी खिसक गई और तीनों मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे में मृतकों की पहचान किशुन कुमार, राकेश कुमार तथा बैशाखिन के रूप में हुई है। मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं।

घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रारंभिक कार्रवाई में एक मजदूर का शव बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो अन्य मजदूरों की तलाश जेसीबी मशीन की मदद से देर शाम तक जारी रही। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मजदूरों से बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के गहरे गड्ढे में काम कराया जा रहा था। सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक सावधानियों के अभाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में यह हादसा निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है।


घटना दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *