ACB की बड़ी कार्रवाई, 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते जिला अस्पताल का प्रभारी सिविल सर्जन गिरफ्तार

Spread the love
ACB की बड़ी कार्रवाई, 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते जिला अस्पताल का प्रभारी सिविल सर्जन गिरफ्तार

सक्ती।  छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डभरा कॉलेज मोड़ के पास ट्रैप ऑपरेशन के दौरान की गई।

जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में अटैच फार्मासिस्ट गंगा प्रसाद रत्नाकर ने एसीबी बिलासपुर से शिकायत की थी कि उनके पे-डेटा को सीएमएचओ कार्यालय भेजने के एवज में प्रभारी सिविल सर्जन द्वारा 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की।

आरोपी ने शिकायतकर्ता को अपने अस्थायी निवास, डभरा बुलाया था। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता जैसे ही रिश्वत की राशि लेकर पहुंचा और आरोपी ने रकम स्वीकार की, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान एसीबी ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख रुपये की रिश्वत की राशि बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे पूछताछ और अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *