भिलाई की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, 10 से अधिक दमकल वाहन जुटे

Spread the love
भिलाई की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, 10 से अधिक दमकल वाहन जुटे

वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से आग लगने की आशंका, केमिकल और मालवाहक वाहन जलकर खाक

दुर्ग/भिलाई। भिलाई के औद्योगिक क्षेत्र हाथखोज स्थित श्रीश्याम केमिकल फैक्ट्री में गुरुवार को भीषण आग लग गई। आग लगने की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना करीब 11:30 बजे की है। फैक्ट्री में एक कर्मचारी वेल्डिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फैक्ट्री में नेफ्थोलिन नामक ज्वलनशील केमिकल की प्रोसेसिंग की जाती थी, जिसके कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।


आग बुझाने के लिए अब तक 10 से अधिक दमकल वाहनों को मौके पर लगाया जा चुका है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। ज्वलनशील केमिकल के कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।


फिलहाल घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में केमिकल जलने से भारी नुकसान होने की बात सामने आई है। इसके अलावा फैक्ट्री परिसर में खड़े कुछ मालवाहक वाहन भी आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गए।


आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। दमकल विभाग की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *