
रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र स्थित मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 5:30 बजे लगी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं।
घटना की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस और प्रशासन की टीम आग से हुए नुकसान का आकलन कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान तो नहीं हुआ है।
मंदिर हसौद थाना पुलिस के अनुसार, आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।