मैट्रिमोनियल साइट Jeevansathi.comपर ‘लुटेरे’ दूल्हे का जाल: महिला को बेहोश कर लूटे लाखों के जेवर, दो अंतर्राज्यीय ठग गिरफ्तार

Spread the love
मैट्रिमोनियल साइट Jeevansathi.comपर ‘लुटेरे’ दूल्हे का जाल: महिला को बेहोश कर लूटे लाखों के जेवर, दो अंतर्राज्यीय ठग गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट के जरिए ठगी और चोरी की एक बेहद सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश हुआ है। जीवनसाथी डॉट कॉम (Jeevansathi.com) पर रिश्ता तय करने के भरोसे ने खम्हारडीह इलाके की एक महिला को लाखों रुपये की चपत लगा दी। आरोपी ने शातिराना अंदाज में महिला का विश्वास जीता और फिर घर में घुसकर उसे नशीला पदार्थ खिलाकर सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो अंतर्राज्यीय ठगों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी अभिनव सिंह ने करीब चार महीने पहले मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से पीड़िता से संपर्क साधा था। लगातार बातचीत कर उसने महिला का विश्वास जीत लिया। 15 मई को आरोपी अभिनव जन्मदिन मनाने के बहाने महिला के घर पहुंचा। वहां खाना खाने के दौरान उसने बेहद चालाकी से चिकन में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिसे खाने के बाद महिला बेहोश हो गई।


​होश आया तो आलमारी और गले से गायब थे जेवर
अगले दिन जब महिला को होश आया, तो उसे अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। उसके गले से सोने की चेन, हाथों की अंगूठियां और आलमारी में रखे लाखों रुपये के अन्य सोने-चांदी के जेवर गायब थे। पीड़िता ने बिना देरी किए खम्हारडीह थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए खम्हारडीह थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करते हुए दो अलग-अलग राज्यों में दबिश दी। पुलिस ने सबसे पहले एक आरोपी हितिन नरूला को हरिद्वार से धर दबोचा। इसके बाद, नरूला की निशानदेही पर मुख्य आरोपी अभिनव सिंह को दिल्ली के पहाड़गंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से नगदी, चोरी किए गए जेवर और मोबाइल फोन सहित लगभग 4 लाख 21 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस की पूछताछ और आरोपियों के मोबाइल की जांच में एक बेहद चौंकाने वाला सच सामने आया है। शातिर आरोपी ने पिछले सिर्फ एक महीने के भीतर मैट्रिमोनियल साइट के जरिए करीब 100 अन्य महिलाओं से भी संपर्क किया था। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या इन आरोपियों ने अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *