
लाखों के नुकसान की आशंका; सुरक्षा मानकों को लेकर उठे सवाल
रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत महालेखाकार (AG) भवन के पीछे स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में आज भीषण आग लग गई। आग कवल मल्टीलेयर नाम की फैक्ट्री में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना लगभग आधे घंटे पहले की है। फैक्ट्री से काला धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। खबर लिखे जाने तक दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुँच चुकी हैं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। प्लास्टिक और पॉलीथिन जैसे ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैल रही है।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी?
आग लगने का स्पष्ट कारण अभी तक अज्ञात है, लेकिन इस घटना ने फैक्ट्री प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा है कि फैक्ट्री में आग से निपटने के पुख्ता इंतजाम नहीं थे। पॉलीथिन फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों (Safety Norms) के उल्लंघन की बात भी सामने आ रही है, जिसकी जांच आने वाले समय में प्रशासन द्वारा की जा सकती है।
विधानसभा थाना पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद है और आसपास के क्षेत्र को खाली करा लिया गया है ताकि कोई जनहानि न हो। फिलहाल प्राथमिकता आग को फैलने से रोकने की है, ताकि पास स्थित अन्य इमारतों को सुरक्षित रखा जा सके।