
दुर्ग। दुर्ग संभाग में आयोजित मितानिन समन्वयक प्रशिक्षण कार्यक्रम में बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज (T1D) की पहचान, लक्षणों और समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी गई। राज्य स्वास्थ्य संसाधन केंद्र (SHSRC) द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण में विलियम जे. क्लिंटन फाउंडेशन (WJCF) के विशेषज्ञ ने बाल मधुमेह कार्यक्रम के तहत मितानिन समन्वयकों को आवश्यक जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि बच्चों में अत्यधिक थकान, बार-बार प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना और बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना टाइप-1 डायबिटीज के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बच्चों की समय पर जांच कराना जरूरी है, ताकि बीमारी की पहचान कर उचित उपचार शुरू किया जा सके।
विशेषज्ञ ने बताया कि संभावित लक्षणों वाले बच्चों की नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में आरबीएसके (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) टीम के माध्यम से रैंडम ब्लड शुगर (RBS) जांच कराई जानी चाहिए। यदि बच्चे का ब्लड शुगर स्तर 200 mg/dL से अधिक आता है, तो उसे आगे की जांच और उपचार के लिए जिला अस्पताल स्थित बाल मधुमेह क्लीनिक में रेफर करने की प्रक्रिया अपनाई जाए। साथ ही, मितानिन समन्वयकों को रेफरल व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं से समन्वय स्थापित करने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में मितानिन समन्वयकों से अपील की गई कि वे समुदाय स्तर पर बाल मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाएं तथा संभावित लक्षणों वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें।
इस पहल का उद्देश्य बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज की समय पर पहचान सुनिश्चित करना और उन्हें आवश्यक जांच एवं उचित उपचार उपलब्ध कराने में स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था को मजबूत करना है।