
विद्यार्थियों ने कला के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, प्रसिद्ध योग गुरु जयंता दास ने दिए स्वस्थ जीवन के टिप्स
दुर्ग / भारती विश्वविद्यालय में वन्यजीव सप्ताह के उपलक्ष्य में विविध रचनात्मक एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी), प्राणीशास्त्र विभाग तथा वनस्पति शास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
आयोजन की शुरुआत ‘वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण’ विषय पर केंद्रित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता से हुई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला और रंगों के माध्यम से वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया। इस प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अकादमिक डीन डॉ. जी. तिरुपति राव तथा मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. पूर्णिमा तिवारी ने निभाई।
प्रतियोगिता के परिणामों में बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर (वनस्पति शास्त्र) की मुस्कान साहू ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं एम.एससी. तृतीय सेमेस्टर (वनस्पति शास्त्र) के अक्षत साहू द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि बी.कॉम. पंचम सेमेस्टर की दिव्या साहू एवं फार्मेसी सप्तम सेमेस्टर की डॉली ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में प्रसिद्ध योग गुरु जयंता दास के सानिध्य में एक विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों व प्राध्यापकों को नियमित योगाभ्यास के लाभ बताते हुए तनावमुक्त जीवनशैली और आनंदमय जीवन जीने के व्यावहारिक तरीके सिखाए।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रोशन नोन्हारे, समन्वयक निखिल देव प्रसाद, वीरेंद्र वैष्णव, रजत आनंद, प्रियंका सिन्हा, योगिता सिन्हा सहित प्राणीशास्त्र विभाग की लीलम चंद्राकर, स्वीटी तिवारी तथा वनस्पति शास्त्र विभाग की युक्ति नोन्हारे एवं प्रियंका साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने आयोजक मंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक और ज्ञानवर्धक आयोजन निरंतर करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।