बीएसपी से लोहा चोरी की खबरों को ट्रक-ट्रेलर एसोसिएशन ने बताया भ्रामक

Spread the love
बीएसपी से लोहा चोरी की खबरों को ट्रक-ट्रेलर एसोसिएशन ने बताया भ्रामक

पांडे कबाड़ी के यहां मिले लोहे पर दी सफाई; प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और ट्रांसपोर्टरों की छवि खराब न करने की मांग

भिलाई, भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से लोहा चोरी के हालिया दावों और खबरों को भिलाई ट्रक-ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने सिरे से खारिज करते हुए पूरी तरह भ्रामक और बेबुनियाद करार दिया है। एसोसिएशन ने दो टूक कहा है कि संयंत्र परिसर की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भीतर से चोरी होना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।


​एसोसिएशन के महासचिव मलकीत सिंह उर्फ लल्लू सिंह ने सोमवार को एक आधिकारिक प्रेस बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि बीएसपी की संपूर्ण सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के पास है। संयंत्र के भीतर और मुख्य द्वारों पर सीआईएसएफ की बहुस्तरीय जांच, सीसीटीवी निगरानी और सख्त पहरा रहता है। ऐसे चाक-चौबंद सुरक्षा तंत्र के बीच प्लांट के अंदर से सुनियोजित तरीके से लोहे की चोरी होने का सवाल ही नहीं उठता।

मलकीत सिंह ने जोर देकर कहा कि आज तक एसोसिएशन से संबद्ध किसी भी गाड़ी को चोरी के मामले में अथवा स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) का लोहा अवैध रूप से बेचते हुए नहीं पकड़ा गया है। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि बिना किसी ठोस प्रमाण और जांच के सीधे तौर पर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन का नाम घसीटना और पूरे ट्रांसपोर्ट जगत को कटघरे में खड़ा करना सर्वथा अनुचित है।

पांडे कबाड़ी प्रकरण पर सफाई: पारगमन (ट्रांजिट) चोरी की आशंका
​हाल ही में पांडेय कबाड़ी के गोदाम से सेल का लोहा बरामद होने के मामले पर सफाई देते हुए महासचिव ने एक अलग पहलू की ओर इशारा किया। उन्होंने आशंका जताई कि यह सामग्री सेल के अधिकृत ट्रेडर्स (व्यापारियों) के गोदामों से दूसरे राज्यों के लिए रवाना होने वाली गाड़ियों से रास्ते में चोरी की गई हो सकती है।
​उन्होंने स्पष्ट किया कि एसोसिएशन किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार या चोरी की गतिविधियों का कड़ा विरोध करता है। संगठन ने स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की गहराई और निष्पक्षता से जांच की जाए, ताकि वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई हो सके और बिना साक्ष्य ट्रांसपोर्टरों की साख को ठेस न पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *