
भिलाई नगर। भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को एक बार फिर नई गति मिली है। क्षेत्र की जनता की बुनियादी जरूरतों और लंबे समय से चली आ रही मांगों को प्राथमिकता देते हुए, छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय के निरंतर प्रयासों से लगभग 6 करोड़ 74 लाख 17 हजार रुपये के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिल गई है। इन कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए ई-प्रोक्योरमेंट निविदा (टेंडर) प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
जिला दुर्ग के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-65 (भिलाई नगर) के अंतर्गत प्रस्तावित इन विकास कार्यों का सीधा लाभ विभिन्न वार्डों और मोहल्लों के निवासियों को मिलेगा। विकास कार्यों की यह नई श्रृंखला भिलाई में मूलभूत नागरिक सुविधाओं के विस्तार, सार्वजनिक स्थलों के उन्नयन और शहर के बुनियादी ढांचे (अधोसंरचना) को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी और महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
प्रस्तावित विकास कार्यों के तहत शहर के दर्री तालाब, मंगल बाजार, श्रमिक नगर और मानस भवन तालाब सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर डोम शेड तथा मंच का निर्माण एवं संरक्षण किया जाएगा। इसके अलावा, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सामुदायिक भवन, मानस भवन, सतनाम भवन और विद्यालय भवनों का संधारण कार्य भी इस योजना का प्रमुख हिस्सा है।
नागरिकों की रोजमर्रा की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण, उद्यान विकास, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, महिला व्यायाम कक्ष (जिम), सी.सी. रोड, सीमेंट्रीकरण, नाली निर्माण और विद्युत संबंधी जरूरी कार्य भी प्राथमिकता के साथ पूरे किए जाएंगे।
इन करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का सीधा फायदा मुख्य रूप से भिलाई नगर विधानसभा के वार्ड क्रमांक 38, 40, 41, 46, 47, 48, 49 एवं 51 की जनता को मिलेगा। इसके साथ ही वैशाली नगर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 32 के निवासियों को भी इन नागरिक सुविधाओं का लाभ पहुंचेगा, जिससे क्षेत्र की तस्वीर और निवासियों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।