राष्ट्रीय एकता शिविर में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे एनएसएस स्वयंसेवक, कुलपति ने दी शुभकामनाएं

Spread the love
राष्ट्रीय एकता शिविर में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे एनएसएस स्वयंसेवक, कुलपति ने दी शुभकामनाएं

दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ के अंतर्गत हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता शिविर (NIC) में शामिल होने जा रहे स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम अधिकारी का विश्वविद्यालय में सम्मान किया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. डॉ. संजय तिवारी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।24 से 30 जून 2026 तक आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खातोद (महेंद्रगढ़, हरियाणा) में आयोजित होने वाले इस सात दिवसीय शिविर में देशभर से चयनित एनएसएस स्वयंसेवक भाग लेंगे। कुलपति ने कहा कि राष्ट्रीय एकता शिविर देश की विविध संस्कृति को समझने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने प्रतिभागियों से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों का प्रभावी प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. भूपेंद्र कुलदीप, डॉ. राजेश अवस्थी, डॉ. लीना साहू तथा सुरेश कुमार ठाकुर सहित विश्वविद्यालय एवं एनएसएस से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित स्वयंसेवकों में कुणाल नारंग, गरिमा चतुर्वेदी, महिमा रावटे, पवन सोनकर, योगेश कुमार निषाद, चित्रकला वर्मा, लल्ली साहू, देवरत मरकाम एवं पूनम साहू शामिल हैं। दल का नेतृत्व कार्यक्रम अधिकारी बसंत यादव करेंगे।

शिविर के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, समूह चर्चा, युवा संवाद, नेतृत्व विकास, सामुदायिक सेवा, व्यक्तित्व विकास तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष शिविर की थीम “युवा फॉर माय भारत एवं युवा फॉर डिजिटल लिटरेसी” रखी गई है।विश्वविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को सफल सहभागिता और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *