
दुर्ग। रक्षाबंधन पर्व को राष्ट्रभक्ति और सैनिक सम्मान से जोड़ते हुए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, दुर्ग में “राखी जवानों के नाम” अभियान का प्रेरणादायी शुभारंभ किया गया। विद्यार्थियों की कक्षा-कक्ष गतिविधि के रूप में शुरू हुआ यह अभियान अब पूरे विद्यालय का जनभागीदारी वाला राष्ट्रभक्ति अभियान बन गया है। अभियान के पहले ही दिन 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक करीब 500 राखियां तैयार कर देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए शुभकामना संदेश लिखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्या श्रीमती पुष्पा बाड़ा ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, चरित्र निर्माण और मानवीय मूल्यों का विकास करना भी है। उन्होंने कहा कि “राखी जवानों के नाम” जैसे अभियान विद्यार्थियों को सैनिकों के त्याग और बलिदान से भावनात्मक रूप से जोड़ते हैं तथा उनमें राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
अभियान के मुख्य संयोजक डॉ. अजय आर्य ने कहा कि सीमा पर तैनात सैनिक देश की सुरक्षा के साथ प्रत्येक नागरिक के सम्मान और विश्वास के भी प्रहरी हैं। विद्यार्थियों के हाथों से तैयार प्रत्येक राखी सैनिकों तक यह संदेश पहुंचाएगी कि पूरा देश उनके साहस और समर्पण के प्रति कृतज्ञ है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम को सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के रूप में जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्याध्यापक श्री कमल सोनी ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों द्वारा अपने हाथों से तैयार की गई राखियां और स्नेह संदेश सैनिकों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें यह विश्वास दिलाएंगे कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
अभियान में विशेष रूप से कक्षा छठवीं एवं नवमी के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कक्षा दसवीं की योशिता ध्रुव, आरुषि चंद्राकर, तनुषा पांडे एवं अद्वितीया ने राखी निर्माण में विशेष योगदान दिया। इसके अलावा तेजस्वी वर्मा, अनन्या साहू, अनुष्का शर्मा, सोनाक्षी सोनी, निष्ठा, वी. देवी, मुस्कान, निधि एंजेल, अभीप्सा, लब्धि, आर्या, ईजा अदिति, काव्या, अक्षिता, गौरी, प्रतीक, तान्या, जाह्नवी सहित अनेक विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ अभियान में सहभागिता निभाई। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
विद्यालय में यह अभियान लगातार तीन दिनों तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कुल 1111 राखियां उनके हस्तलिखित स्नेह संदेशों के साथ देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों को भेजी जाएंगी। विद्यालय परिवार का विश्वास है कि यह पहल विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सेवा, संवेदनशीलता और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगी तथा रक्षाबंधन के पर्व को राष्ट्रीय चेतना के उत्सव के रूप में नई पहचान देगी।