ओड़गी कुदरगढ़ दर्शन जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पेड़ से टकराई, 13 घायल, 4 गंभीर

Spread the love
ओड़गी कुदरगढ़ दर्शन जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पेड़ से टकराई, 13 घायल, 4 गंभीर

मध्य प्रदेश के सिंगरौली से आ रहे थे सभी श्रद्धालु, ओड़गी के बांक ग्राम पंचायत घाट पर हुआ हादसा, वाहन में क्षमता से अधिक लोग थे सवार।

ओड़गी | मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से कुदरगढ़ धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप शुक्रवार को ओड़गी क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार पिकअप बांक ग्राम पंचायत के घाट पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में 13 श्रद्धालु घायल हो गए हैं, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है।


​प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंगरौली जिले के भुईमान क्षेत्र से करीब 40 श्रद्धालु एक पिकअप वाहन में सवार होकर कुदरगढ़ धाम के लिए निकले थे। कुदरगढ़ से लगभग 20 किलोमीटर पहले बांक पंचायत के घाट पर यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शी लवकेश गुर्जर के मुताबिक, वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और पिकअप सीधे पेड़ के बीच जा घुसी।

मची अफरा-तफरी, 108 एंबुलेंस से पहुंचाया गया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। स्थानीय लोगों और प्रशासन की तत्परता से 108 एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ओड़गी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 4 गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार ओड़गी अस्पताल में ही जारी है।

बताया जा रहा है कि पिकअप में क्षमता से कहीं अधिक (करीब 40) श्रद्धालु सवार थे। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, अन्यथा एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था। फिलहाल, पुलिस प्रशासन ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *