पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बीएमआई, चरोदा की प्राचार्य प्रभा मिंज सहायक आयुक्त पद पर पदोन्नत, मुंबई संभाग की मिली जिम्मेदारी

Spread the love
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बीएमआई, चरोदा की प्राचार्य प्रभा मिंज सहायक आयुक्त पद पर पदोन्नत, मुंबई संभाग की मिली जिम्मेदारी

दुर्ग। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बीएमआई, चरोदा की प्राचार्य प्रभा मिंज को केंद्रीय विद्यालय संगठन में सहायक आयुक्त पद पर पदोन्नत कर मुंबई संभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय परिवार, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनके सफल कार्यकाल एवं शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।


समारोह में केंद्रीय विद्यालय प्रगतिशील शिक्षक संघ, रायपुर संभाग के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार गिरी और महासचिव डॉ. अजय आर्य ने संघ की ओर से प्रभा मिंज का शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रभा मिंज अपने अनुभव, प्रशासनिक दक्षता और नेतृत्व क्षमता के बल पर मुंबई संभाग में भी संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।

अपने संबोधन में डॉ. अजय आर्य ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सफल नेतृत्व के लिए वज्र जैसी दृढ़ता और पुष्प जैसी संवेदनशीलता का संतुलन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक और प्रशासक को अनुशासन, निष्पक्षता और निर्णय क्षमता के साथ-साथ विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के प्रति संवेदनशील भी होना चाहिए। उनके अनुसार शिक्षा केवल ज्ञान देने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है।


शिक्षक संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार गिरी ने प्रभा मिंज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सच्चे मन से निकली दुआएं व्यक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करती हैं।
विद्यालय की शिक्षिका भारती यदु ने कहा कि प्रभा मिंज का कार्यकाल अनुशासन, समर्पण और मानवीय मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उन्होंने विद्यालय को परिवार की तरह संचालित करते हुए प्रत्येक शिक्षक और विद्यार्थी को आगे बढ़ने का अवसर दिया।


अपने विदाई संबोधन में प्रभा मिंज ने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पदोन्नति व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के सहयोग और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि चरोदा में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा और नई जिम्मेदारी में भी वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।

कार्यक्रम का संचालन रोशनी चंद्राकर ने किया। समारोह में आर.पी. सेहमी, डॉ. अजय आर्य, शैलेंद्र कुमार गिरी, फ़रहाना खान, जे.के. चौधरी, भारती यदु, दीपिका प्रधान, पिंकी सिंह, शिवम कुमार, बी. रविंद्र कुमार सहित विद्यालय परिवार के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


समारोह के अंत में सभी ने प्रभा मिंज के सफल एवं यशस्वी कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे सहायक आयुक्त के रूप में भी केंद्रीय विद्यालय संगठन की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *