
दुर्ग। : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर नशे के खिलाफ अभियान चलाने और युवाओं को जागरूक करने वाले एक तथाकथित ब्लॉगर को पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। खुर्सीपार थाना पुलिस ने हरिशंकर यादव उर्फ जुगनू ब्लॉगर (24) को 4 किलो 198 ग्राम गांजा के साथ रंगे हाथों पकड़ा है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंस्टाग्राम पर ‘जुगनू ब्लॉगर’ नाम से पेज संचालित करता था। करीब एक महीने पहले, 1 जून को उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह खुर्सीपार क्षेत्र के स्कूलों और गार्डनों से इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन और नशीली सिरिंजें उठाकर नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए पुलिस-प्रशासन से कार्रवाई की मांग करता नजर आया था। उस समय वीडियो को लोगों ने खूब सराहा था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
हालांकि, पुलिस जांच में सामने आया कि यह पूरी छवि केवल दिखावे के लिए बनाई गई थी। 29 जून को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जुगनू ब्लॉगर एक्टिवा से बिहारी मोहल्ला के पास गांजा बेचने की तैयारी में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 4 किलो 198 ग्राम गांजा, 300 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई एक्टिवा बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि हरिशंकर यादव आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। इस घटना ने सोशल मीडिया पर बनाई गई छवि और वास्तविक गतिविधियों के बीच बड़े अंतर को उजागर कर दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।