महिला ने सट्टे में उड़ाए पति के 13 लाख रुपये, फिर रची चोरी की झूठी कहानी, अब पुलिस ने खोले राज

Spread the love
महिला ने सट्टे में उड़ाए पति के 13 लाख रुपये, फिर रची चोरी की झूठी कहानी, अब पुलिस ने खोले राज

भीलवाड़ा। :  राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में पुलिस ने कथित चोरी के एक ऐसे मामले का खुलासा किया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। भीमगंज थाना क्षेत्र में 13 लाख रुपये की चोरी की शिकायत की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना किसी बाहरी चोर ने नहीं, बल्कि घर की मालकिन ने ही रची थी। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, तिलक नगर निवासी संदीप कुमार जैन ने 23 जून को थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया था कि 22 जून की रात वह अपनी पत्नी शिप्रा जैन के साथ बाजार गए थे। वापस लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला और कमरे में रखा बैग गायब था। बैग में लगभग 13 लाख रुपये नकद होने की बात कही गई थी। संदीप जैन ने पुलिस को बताया कि वह प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं और यह रकम एक प्लॉट बेचने के बाद किसी पार्टी को देने के लिए घर में रखी गई थी।

जांच में सामने आई पूरी सच्चाई

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ बातें संदिग्ध लगीं। इसके बाद महिला से विस्तार से पूछताछ की गई। जांच में खुलासा हुआ कि शिप्रा जैन को ऑनलाइन सट्टा खेलने की लत थी। उसने पति की अलमारी में रखी नकदी को धीरे-धीरे सट्टे में लगा दिया और लाखों रुपये हार गई। पैसे खत्म होने के बाद उसने घर में चोरी होने का नाटक रचा और पति के साथ मिलकर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस की पूछताछ में आखिरकार उसने पूरी घटना स्वीकार कर ली।

भीमगंज थाना पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी में रकम कहां और किस माध्यम से लगाई गई थी। यह मामला एक बार फिर ऑनलाइन सट्टेबाजी की लत से होने वाले आर्थिक और पारिवारिक नुकसान को उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *