
भिलाई। लंबे अंतराल के बाद भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन एवं भिलाई इस्पात संयंत्र एससी/एसटी एम्पलाईज एसोसिएशन (पंजीयन क्रमांक-6976) के बीच 19 नवंबर 2026 को त्रैमासिक बैठक सम्पन्न हुई। एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सेल एससी/एसटी एम्पलाईज फेडरेशन, नई दिल्ली के उपाध्यक्ष कोमल प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में पूर्व में उठाए गए मुद्दों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा विभिन्न लंबित मांगों को प्रबंधन के समक्ष प्रमुखता से रखा गया।
बैठक के प्रारंभ में कोमल प्रसाद ने एससी/एसटी लाइजन अधिकारी रोहित हरित को विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि प्रबंधन एवं एसोसिएशन के बीच त्रैमासिक बैठक नियमित रूप से आयोजित नहीं हो पा रही है। उन्होंने प्रत्येक तिमाही में बैठक सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही एसोसिएशन के कार्यालय संचालन के लिए नया कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर, प्रोजेक्टर एवं इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
कोमल प्रसाद ने सेक्टर-5 में डॉ. अंबेडकर पुस्तकालय एवं संग्रहालय के निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 26 नवंबर 2025 को तत्कालीन कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) के करकमलों से इसका शिलान्यास हो चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग करते हुए कहा कि बीएसपी प्रबंधन आंतरिक बजट से निर्माण की व्यवस्था कर रहा है। यदि गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए अतिरिक्त बजट की आवश्यकता हो तो सेल कॉर्पोरेट कार्यालय, नई दिल्ली से राशि उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने सेक्टर-6 स्थित डॉ. अंबेडकर प्रेरणा स्थल के खेल एवं सांस्कृतिक परिसर में प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग की, ताकि 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर बाबा साहेब की प्रतिमा को सौंदर्यीकरण के पश्चात बीएसपी के निदेशक प्रभारी द्वारा कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) की उपस्थिति में आम जनता को समर्पित किया जा सके।
कोमल प्रसाद ने सेक्टर-4 स्थित सेल एससी/एसटी फेडरेशन भवन, क्वार्टर नंबर 7-डी, सड़क नंबर-8 का मुद्दा उठाते हुए कहा कि फेडरेशन के चेयरमैन गौरांगा मंडल द्वारा पूर्व में यह भवन फेडरेशन के उपाध्यक्ष को प्रदान करने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक भवन का हस्तांतरण नहीं हुआ है। उन्होंने फेडरेशन के वर्तमान उपाध्यक्ष होने के नाते भवन तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की।
एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम मंडावी ने सेक्टर-6 स्थित शहीद वीर नारायण सिंह जयंती स्टेडियम में छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आगामी 10 दिसंबर 2026 को उनकी जयंती के अवसर पर प्रतिमा स्थापना सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
एसोसिएशन के महासचिव विजय कुमार रात्रे ने सेक्टर-6 में पवित्र जैतखाम निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसके लिए भूमिपूजन हो चुका है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने निर्माण कार्य अविलंब प्रारंभ कराने की मांग की। साथ ही कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) एवं सेल फेडरेशन की पूर्व बैठक में एसोसिएशन को कार्यालय संचालन के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने के आश्वासन पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया।
उपाध्यक्ष कुमार भारद्वाज ने एसोसिएशन के सभागार में फॉल्स सीलिंग एवं एयर कंडीशनर लगाने का कार्य अब तक प्रारंभ नहीं होने पर चिंता जताई तथा इसे शीघ्र पूरा कराने की मांग की। वहीं उपाध्यक्ष वेद प्रकाश सूर्यवंशी ने सेक्टर-6 स्थित डॉ. अंबेडकर प्रेरणा स्थल के भवन में बढ़ती सीपेज की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए भवन की सुरक्षा के लिए तत्काल टारफेल्टिंग कराने की मांग की।
एसोसिएशन के संगठन सचिव परमेश्वर लाल ने आगामी 14 अप्रैल 2027 को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के मद्देनजर सेक्टर-1 स्थित डॉ. अंबेडकर पार्क का सौंदर्यीकरण कराने तथा इस अवसर पर डॉ. अंबेडकर अवार्ड प्रदान करने की मांग रखी।
बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी लंबित मांगों पर प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उनके शीघ्र निराकरण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन का आग्रह किया।
इस अवसर पर प्रबंधन की ओर से एससी/एसटी लाइजन अधिकारी रोहित हरित उपस्थित थे। वहीं एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष कोमल प्रसाद, उपाध्यक्ष कुमार भारद्वाज, वेद प्रकाश सूर्यवंशी एवं शशांक प्रसाद, महासचिव विजय कुमार रात्रे, संगठन सचिव परमेश्वर लाल, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार खेलवार, जोनल सचिव कालीदास बघेल एवं यशवंत नेताम तथा कार्यकारिणी सदस्य धरमपाल राम, जीतेन्द्र भारती, हेमन्त भुआर्य, धनंजय मेश्राम एवं लेखराम घरेन्द्र उपस्थित रहे।